Tuesday, July 30, 2019

अमरीका: फूड फेस्टिवल में गोलीबारी, दो बच्चों समेत तीन की मौत की पुष्टि

अमरीका के कैलिफोर्निया के एक फूड फेस्टिवल में रविवार देर शाम हुई गोलीबारी में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है.

पुलिस के मुताबिक मारे गए लोगों में एक छह साल का बच्चा और एक 13 साल की लड़की शामिल है. इस हमले में 15 अन्य लोग घायल हुए जिनका अस्पतालों में इलाज चल रहा है.

रिपोर्टों के मुताबिक रविवार देर शाम हुई गोलीबारी का हमलावर पुलिस की कार्रवाई में मारा गया. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इस गोलीबारी में कोई अन्य संदिग्ध तो शामिल नहीं था जो अब भी पुलिस की पकड़ से दूर हो.

पुलिस ने मारे गए हमलावर की पहचान 19 वर्षीय सैन्टिनो विलियम लेगान के तौर पर की है. हमलावर ने 'गिलरॉय गार्लिक फेस्टिवल' में स्थानीय समय के मुताबिक रविवार देर शाम गोलीबारी की.

पुलिस के मुताबिक मारे गए संदिग्ध के पास असॉल्ट राइफ़ल थी जो उसने अवैध तरीके से इसी महीने नेवाडा से खरीदी थी.

स्थानीय मीडिया ने गोलीबारी में मारे गए छह साल के बच्चे की पहचान स्टीफन रोमेरो के तौर पर की है. स्टीफन की मां और दादी भी गोलीबारी में घायल हुए हैं.

हालांकि, पुलिस ने अभी तक मारे गए गए लोगों में किसी के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

पुलिस के मुताबिक गोलीबारी में करीब 20 साल का एक युवक भी मारा गया है.

गिलरॉय पुलिस प्रमुख स्कॉट स्मिथी ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों ने एक मिनट के अंदर ही जवाबी कार्रवाई की थी.

उन्होंने बताया कि पुलिस अधिकारियों की कार्रवाई में हमलावर घायल हो गया और गोलीबारी रुक गई.

पुलिस प्रमुख स्मिथी ने बताया, "मैं आपको बता नहीं सकता कि मुझे अधिकारियों पर कितना गर्व है. वहां एक छोटी सी जगह में हज़ारों की संख्या में लोग थे और आप जानते हैं कि कम ही वक़्त में वहां बेहद खराब स्थिति हो सकती थी."

एफ़बीआई के प्रभारी अधिकारी क्रेग फेयर ने पत्रकारों को बताया कि प्राथमिकता के आधार पर इस बात की जांच की जा रही है कि हमलावर का मक़सद क्या था. क्या वो किसी विचारधार से प्रेरित था और क्या वो किसी समूह से जुड़ा हुआ था?

पुलिस के मुताबिक हमलावर आयोजन की जगह पर लगी बाड़ पार करके वहां दाखिल हुआ था. इस सालाना महोत्सव में हर साल करीब एक लाख लोग हिस्सा लेते हैं.

अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भी ट्वीट कर लोगों को सुरक्षित रहने की सलाह दी है.

हमले में मारे गए स्टीफ़न के पिता अल्बर्टो रोमेरो ने मर्क्यूरी न्यूज़ को बताया कि वो अपनी नौ साल की बेटी के साथ घर पर ही थे और उन्हें अपनी पत्नी के फोन से घटना की जानकारी मिली

उन्होंने बताया,"जो हुआ, मुझे उस पर यकीन नहीं हो रहा था. मुझे लगा कि वो झूठ बोल रही हैं. या शायद में कोई सपना देख रहा हूं."

ऐसी घटनाओं पर नज़र रखने वाली अमरीकी वेबसाइट 'गन वॉइलेंस आर्काइव' के मुताबिक इस साल अमरीका में मास शूटिंग(सामूहिक गोलीबारी) की ये 246वीं घटना है. 2019 में गोलीबारी की घटनाओं में 8,434 लोग मारे जा चुके हैं.

अमरीका में खुले में गोलीबारी करने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. स्कूल हो या खाली मैदान, हर जगह से गोलीबारी की ख़बरें आती हैं.

यहां लोगों के पास बंदूक़ होना आम है.अमरीका में लोगों के पास बंदूक़ होना मौलिक आधिकार की तरह ही है. ऐसा इसलिए है कि जब अमरीका का संविधान तैयार हुआ तब इसमें बंदूक़ ख़रीदने और रखने की बात लिखी गई थी.

No comments:

Post a Comment