Friday, December 14, 2018

पर्थ की तेज पिच के सवाल पर कोहली ने कहा- ऐसी पिचों से हम अनजान नहीं

ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर तेज पिचों का होना आम बात है। एडिलेड में खेले गए पहले टेस्ट में पिच तेज गेंदबाजों के लिए ज्यादा मददगार नहीं थी, लेकिन पर्थ में ऐसा नहीं होगा। वहां के क्यूरेटर ने पिच पर घास होने की बात कही है। भारतीय कप्तान विराट कोहली भी इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि ऑस्ट्रेलिया पर्थ के नए पिच पर से घास नहीं हटाएगा। उन्होंने कहा, "हम तेज पिचों के लेकर नर्वस होने से ज्यादा उत्साहित हैं। ऐसी पिचों से हम अनजान नहीं हैं।"

कोहली ने कहा, "हमारे बल्लेबाजों के सामने बेहतर प्रदर्शन करने की चुनौती है। वे बेहतर बल्लेबाजी कर एडिलेड की तरह गेंदबाजों को मदद करेंगे। यहां की पिच एडिलेड से ज्यादा बेहतर होगी और इसे लेकर हम उत्साहित हैं। हम पिछले 10 साल से पूरी दुनिया में क्रिकेट खेल रहे हैं, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के जोहानेसबर्ग से ज्यादा कठिनाई कहीं नहीं हुई। 2012 में मैं पर्थ में खेला था, लेकिन वह जोहानेसबर्ग के बराबर भी नहीं था।"

इस तेज गेंदबाजी आक्रमण का कप्तान होकर खुश हूं: कोहली
वर्तमान तेज गेंदबाजी आक्रमण को सर्वश्रेष्ठ बताए जाने पर कोहली ने कहा, "अब हमारे तेज गेंदबाज विपक्षी टीम को ऑलआउट करने में सक्षम हैं। मुझे इस बात की खुशी है कि जब हमारे तेज गेंदबाज सबसे बेहतर दौर में हैं तो मैं उनका कप्तान हूं। मैं उनके लिए तालियां बजाना चाहता हूं। पांचों गेंदबाज ने बहुत मेहनत करके इस मुकाम को हासिल किया है।"

'20 विकेट लिए बिना टेस्ट जीत मुश्किल'
कोहली ने कहा, "अगर आप 20 विकेट नहीं ले सकते हैं तो टेस्ट नहीं जीत पाएंगे, भले ही आप 600 या 700 रन बना लें। आपने 300 रन बनाकर 20 विकेट ले लिए तो एक टीम के रूप में यह बेहतरीन प्रदर्शन होगा। जिस तरह हमारे गेंदबाजों ने पिछले तीन विदेशी दौरों पर प्रदर्शन किया है वह आश्चर्यजनक है। वे विकेट के लिए भूखे हैं और आसानी से रन नहीं दे रहे। यह उन लोगों के लिए बहुत रोमांचक है जो हमें खेलते देख रहे हैं।"

13 सदस्यीय भारतीय टीम में पांच तेज गेंदबाज
भारत को शुक्रवार से पर्थ में चार टेस्ट की सीरीज का दूसरा मैच खेला जाएगा। भारतीय टीम ने इसके लिए 13 सदस्यीय टीम की घोषणा भी कर दी है। इनमें पांच तेज गेंदबाजों को जगह दी गई। वहीं स्पिनर के तौर पर सिर्फ ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को शामिल किया है।

भारतीय टीम इस प्रकार है:
विराट कोहली (कप्तान), मुरली विजय, लोकेश राहुल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे (उपकप्तान), हनुमा विहारी, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा, इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव

No comments:

Post a Comment